इमारतें, चित्र तथा किताबें
दिल्ली का लौह स्तंभ
जब आप कुतुब मीनार घूमने जायेंगे तो आपको इसके नजदीक एक लौह स्तंभ दिखेगा। यह कोई साधारण स्तंभ नहीं है। यह स्तंभ पिछले 1500 वर्षों से यहाँ खड़ा है और इसमें आज तक जंग नहीं लगा है। इससे पता चलता है कि उस जमाने में धातुशोधन की तकनीक कितनी विकसित थी। इस स्तंभ पर एक अभिलेख है जिससे पता चलता है कि इसे गुप्त साम्राज्य के चंद्रगुप्त के काल में बनवाया गया था।
स्तूप
- ‘स्तूप’ शब्द का मतलब होता है टीला। स्तूपों का निर्माण अक्सर बुद्ध के अनुयायियों द्वारा करवाया गया था। स्तूप की संरचना में निम्नलिखित विशेषताएँ होती हैं।
- स्तूप के बीच में अक्सर एक बक्सा रखा जाता है। इस बक्से में बुद्ध या उनके शिष्यों के के शरीर के अवशेष रखे जाते थे।
- उस बक्से को मिट्टी से ढ़क दिया जाता था। उसके बाद इसे कच्ची ईंटों से और फिर पकी ईंटों से ढ़का जाता था। आखिर में कभी कभी इसे पत्थर की सिल्लियों से ढ़का जाता था जिसपर नक्काशी की जाती थी।
- स्तूप के चारों ओर एक प्रदक्षिणा मार्ग बनाया जाता था। बुद्ध के भक्त इस मार्ग पर घड़ी की सुई की दिशा में प्रदक्षिणा करते हैं।
- प्रदक्षिणा मार्ग के चारों ओर रेलिंग से घेर दिया जाता था, जिसे वेदिका कहते हैं। वेदिका में एक प्रवेशद्वार भी बना दिया जाता था। रेलिंग और प्रवेश द्वार पर सुंदर नक्काशी की जाती है।
- स्तूप के बेहतरीन संरचना और उसपर की गई सुंदर नक्काशी से उस जमाने के वास्तुशिल्प का अंदाजा मिलता है।
हिंदू मंदिर की संरचना
- हिंदू मंदिर के सबसे महत्वपूर्ण भाग को गर्भ गृह कहते हैं। यहीं पर मुख्य देवी या देवता की मूर्ति रखी जाती है। इसी स्थान पर पुरोहित अनुष्ठान करते हैं और लोग पूजा करते हैं।
- गर्भ गृह के ऊपर अक्सर एक ऊँचा स्तंभ (टावर) बना दिया जाता था। इस टावर को शिखर कहते हैं। शिखर से गर्भ गृह के महत्व का पता चलता है।
- अधिकतर मंदिरों में एक बड़ा सा हॉल होता था जिसे मंडपम कहते हैं। मंडपम में ढ़ेर सारे लोग इकट्ठा हो सकते हैं।
शुरु शुरु में मंदिरों को पत्थर और ईंटों से बनाया जाता था। लेकिन बाद में कई ऐसे मंदिर बने जिन्हें केवल पत्थरों से बनाया गया। कुछ मंदिरों को तो केवल एक ही विशाल पत्थर को तराशकर बनाया गया, जैसे कि महाबलिपुरम का मंदिर।
स्तूप या मंदिर बनाने का काम
किसी मंदिर या स्तूप को बनाना बहुत महंगा पड़ता था। इसके लिए धन जुटाने का काम बहुत ही महत्वपूर्ण होता होगा। यह धन अक्सर राजा या रानी द्वारा दिया जाता था।
धन की व्यवस्था हो जाने के बाद अच्छी किस्म के पत्थरों को खोजा जाता था। फिर उन पत्थरों को खोदने के बाद निर्माण स्थल पर पहुँचाया जाता था। निर्माण स्थल पर पत्थरों को तराशकर खंभे, वाल पैनल, छत के पैनल और फर्श की टाइलें बनाई जाती थीं।
पत्थर के बड़े टुकड़े बहुत भारी होते थे। इसलिए उन्हें किसी जगह पर पहुँचाने के लिए खास व्यवस्था करनी पड़ती थी।
कई बार मंदिर निर्माण के लिए अन्य लोग भी दान करते थे। उदाहरण: व्यापारी, किसान, फूल विक्रेता, आदि।
चित्रकला
महाराष्ट्र में स्थित अजंता की गुफाओं की चित्रकला बहुत मशहूर हैं। आज भी इन चित्रों के रंग चमकदार और चटख लगते हैं। किसी को भी देखकर आश्चर्य होता है कि इन अंधेरी गुफाओं में चित्रकारों ने अपना काम कैसे किया होगा। दूसरी बड़ी बात ये है कि उन कलाकारों का नाम कोई भी नहीं जानता है।
किताबें
- यह वह समय था जब भारत के कुछ बेहतरीन महाकाव्यों की रचना हुई थी। जो साहित्यिक किताब हजारों पन्नों में रहती है उसे महाकाव्य कहते हैं।
- लगभग 1800 वर्ष पहले इलांगो नामक कवि ने मशहूर तमिल महाकाव्य सिलप्पदिकारम की रचना की थी।
- सत्तनार ने तमिल महाकाव्य मणिमेखलई की रचना लगभग 1400 वर्ष पहले की थी।
- कालिदास ने कई महाकाव्यों और नाटकों की रचना की।
- इसी काल में पुराणों की रचना हुई थी। महिलाओं और शूद्रों को भी पुराण पढ़ने की अनुमति थी। पुराणों को सरल संस्कृत में लिखा गया था।
- इसी समय में महाभारत और रामायण की रचना हुई थी। महाभारत को वेदव्यास ने और रामायण को वाल्मीकि ने लिखा था। आम लोगों की कई कहानियों को संकलित करके पुस्तक का रूप दिया गया। जातक कथाएँ और पंचतंत्र ऐसी ही किताबें हैं।
विज्ञान
आर्यभट एक गणितज्ञ और ज्योतिषशास्त्री थे। उनकी पुस्तक आर्यभटियम में गणित और ज्योतिष के कई सिद्धांत हैं। उन्होंने गणित और विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह उन अग्रणी वैज्ञानिकों में से थे जिन्होंने बताया कि पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमते है जिसके कारण दिन और रात होते हैं। उन्होंने ग्रहणों का सही सही वैज्ञानिक कारण बताया। आर्यभट ने वृत्त की परिधि ज्ञात करने का सही तरीका भी निकाला। यह विधि आज भी इस्तेमाल होती है।
इस समय की एक और महत्वपूर्ण खोज है शून्य की खोज। शून्य की खोज के बाद ही दशमलव प्रणाली का विकास संभव हो पाया। दशमल प्रणाली अरबी देशों से होते हुए यूरोप तक पहुँचा। इसलिए इसे अरबी संख्या या हिंदू-अरबी संख्या कहते हैं।
प्रश्न 1: निम्नलिखित को सुमेलित करो।
कॉलम 1 | कॉलम 2 |
---|---|
(a) स्तूप | (1) देवी देवता की मूर्ति स्थापित करने की जगह |
(b) शिखर | (2) टीला |
(c) मण्डप | (3) स्तूप के चारो तरफ वृताकार पथ |
(d) गर्भगृह | (4) मंदिर में लोगों के इकट्ठा होने की जगह |
(e) प्रदक्षिणापथ | (5) गर्भगृह के उपर लम्बाई में निर्माण |
उत्तर: (a) 2, (b) 5, (c) 4, (d) 1, (e) 3
प्रश्न 2: खाली जगहों को भरो।
(क) ------- एक बड़े गणितज्ञ थे।
(ख) ------- में देवी देवताओं की कहानियाँ मिलती है।
(ग) ------- को संस्कृत रामायण का लेखक माना जाता है।
(घ) ------- और ------- दो तमिल महाकाव्य है।
उत्तर: (क) आर्यभट्ट (ख) पुराण (ग) वाल्मिकी (घ) सिलप्पदिकारम, मणिमेखलई
प्रश्न 3: धातुओं के प्रयोग पर जिन अध्यायों में चर्चा हुई है, उनकी सूची बनाओ। धातुओं से बनी किन किन चीजों के बारे में चर्चा हुई है या उन्हें दिखाया गया है?
उत्तर: धातुओं के प्रयोग पर अध्याय 4,8 और 9 में चर्चा हुई है। धातुओं से बनी चीजे जैसे- हलों के फाल, सड़सी और कुल्हाड़ी के बारे में चर्चा हुई है।
प्रश्न 4: पृष्ठ 130 पर लिखी कहानी को पढ़ो। जिन राजाओं के बारे में तुमने अध्याय 6 और 11 पढ़ा है उससे यह बंदर राजा कैसे भिन्न या सामान था?
उत्तर: दोनों की कहानियों के आधार पर दोनों राजाओं में कुछ समानताएँ थी और कुछ भिन्नताएँ थी। जहाँ बहुत राजा बड़ी बड़ी उपाधियाँ धारण करते थे, वहीं बंदर राजा के पास कोई उपाधि नहीं थी। जिस तरह ज्यादातर राजा अपनी प्रजा का ख्याल रखते थे उसी तरह बंदर राजा ने भी अपनी प्रजा का ख्याल रखते हुए अपनी जान दे दी।
Extra Questions Answers
प्रश्न 1: कुतुबमीनार का निर्माण कब हुआ था?
उत्तर: लगभग 1500 साल पहले
प्रश्न 2: कुतुबमीनार के पास जो लौह-स्तम्भ है, उसे किस शासक ने बनवाया था?
उत्तर: गुप्त साम्राज्य के शासक चंद्रगुप्त ने
प्रश्न 3: एक ऐसे मंदिर का नाम बताओ जो एक ही पत्थर को तराश कर बनाया गया है?
उत्तर: महाबलिपुरम का एकाष्मिक मंदिर
प्रश्न 4: प्रसिद्ध तमिल महाकाव्य सिलप्पदिकारम की रचना किसने की?
उत्तर: कवि इलांगो ने
प्रश्न 5: पुराण और महाभारत को किसने संकलित किया?
उत्तर: वेदव्यास नामक ॠषि ने
प्रश्न 6: आर्यभट्टीयम नामक किताब कसने लिखी?
उत्तर: आर्यभट्ट ने
प्रश्न 7: शून्य की खोज किसने की?
उत्तर: आर्यभट ने
प्रश्न 8: कागज का आविष्कार कब और किसने किया?
उत्तर: कागज का आविष्कार 1900 साल पहले लून नामक व्यक्ति ने चीन में किया?
प्रश्न 9: आम लोगों द्वारा कही कहानियों को किस किताब में संग्रहित किया गया है?
उत्तर: जातक कथा और पंचतंत्र में
प्रश्न 10: स्तूप की संरचना के बारे में विस्तार से बताएँ।
उत्तर: स्तूप का शाब्दिक अर्थ ‘टीला’ होता है। इसे बुद्ध के अनुययियों द्वारा बनवाया जाता था। स्तूप के बीच में एक डब्बा रखा जाता था। इस डब्बे में बुद्ध या उसके शिष्यों के शरीर के अवशेष रखे जाते थे। कभी कभी उन लोगों द्वारा प्रयोग की गई कीमती चीजें, पत्थर और सिक्के भी रखे जाते थे। जिसे धातु मंजूषा कहा जाता कहा जाता है। इसे मिट्टी से टीलानुमा आकार में ढक दिया जाता था। बाद में इसे ईंटो से ढ़क दिया गया। बाद के काल में इसे तराशे हुए पत्थरों से ढक दिया गया। स्तूपों के चारों ओर एक प्रदक्षिणा पथ बनाया जाता था। जिस पर बुद्ध के भक्त घड़ी की सूई की दिशा में प्रदक्षिणा करते थे। इस पथ को रेलिंग से घेर दिया जाता था, जिसे वेदिका कहते हैं। वेदिका में एक प्रवेश द्वार भी बनाया जाता था। इन रेलिंगो और प्रवेश द्वार पर नक्काशी की जाती थी।
0 comments:
Post a Comment
THIS POST RELATED HELP 👇👇👇👇👇👇👇