Recent Posts

Flipkart online shopping

Flipkart online shopping
Flipkart

भारत: जलवायु /Geography class 06

Chepter 08

भारत: जलवायु


मौसम: वायुमंडल में दिन प्रतिदिन होने वाले बदलावों को मौसम कहते हैं। इसमें तापमान, सूर्य की विकिरण, वर्षा, आदि को शामिल किया जाता है। हो सकता है कि सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं से हो और दोपहर होते होते गर्म लू चलने लगे।


भारत के मौसम

भारत में चार मुख्य मौसम होते हैं: शीत ऋतु, ग्रीष्म ऋतु, वर्षा ऋतु (दक्षिण पश्चिम मानसून) और शरद ऋतु (मानसून के लौटने का मौसम)

शीत ऋतु: यह मौसम भारत में दिसंबर से फरवरी तक रहता है। इस मौसम में सूर्य की किरणें सीधी नहीं पड़ती हैं। इसलिए उत्तरी भारत में इस दौरान तापमान कम रहता है।

ग्रीष्म ऋतु: भारत में गरमी का मौसम मार्च से मई तक रहता है। इस मौसम में सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं। इसलिए इस दौरान तापमान अधिक रहता है। उत्तरी भारत में इस मौसम गर्म और शुष्क हवा चलती है, जिसे लू कहते हैं।

वर्षा ऋतु (दक्षिण पश्चिम मानसून): इस मौसम में मानसून शुरु होता है और आगे बढ़ता है। मानसून पवन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से भारतीय उपमहाद्वीप की ओर बहती है। यह पवन अपने साथ नमी लेकर आती है। जब यह नम पवन पर्वतों की बाधा से टकराती है तो इससे भारत में वर्षा होती है।

मानसून शब्द अरबी भाषा के मौसिम से बना है, जिसका अर्थ मौसम होता है।

मानसून के लौटने का मौसम या शरद ऋतु: भारत में शरद ऋतु अक्तूबर और नवंबर में पड़ती है। इस मौसम में मानसून पवन भारत के मुख्य भूभाग से बंगाल की खाड़ी की ओर लौटने लगती है। इस मौसम में भारत के दक्षिणी भागों में वर्षा होती है। इस मौसम में वर्षा विशेष रूप से तमिल नाडु और आंध्र प्रदेश में होती है।


मानसून का महत्व

भारत के लिए मानसून का गहरा महत्व है। भारत में कृषि मानसून पर निर्भर रहती है। अच्छे मानसून का मतलब है अच्छी फसल। खराब मानसून का मतलब है बुरी फसल। मानसून अच्छा होने पर किसान खुश हो जाते हैं।

जलवायु

किसी स्थान पर मौसम की औसत दशा को उस स्थान की जलवायु कहते हैं। इसके लिए कम से कम 20 वर्षों के मौसम के आंकड़े को देखा जाता है। भारत की जलवायु को मानसूनी जलवायु कहा जाता है। भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म और नम रहता है।

किसी स्थान की जलवायु को प्रभावित करने वाले कारक हैं: उसकी स्थिति, ऊँचाई, समुद्र से दूरी और उच्चावच। भारत एक विशाल देश है, इसलिए यहाँ की जलवायु में क्षेत्रीय विविधता देखने को मिलती है। राजस्थान का मौसम अक्सर शुष्क और गर्म रहता है, तो कश्मीर का मौसम अत्यधिक ठंडा रहता है। उत्तर के मैदानों में तापमान में बहुत विविधता रहती है। दूसरी तरफ मुंबई और कोलकाता का तापमान सालों भर मध्यम रहता है। मेघालय का मौसिनराम दुनिया में सबसे अधिक वर्षा वाला स्थान है, जबकि राजस्थान के जैसलमेर में वर्षा न के बराबर होती है।

प्राकृतिक वनस्पति

जो पेड़-पौधे मनुष्य की सहायता के बिना ही उग जाते हैं उन्हें प्राकृतिक वनस्पति कहते हैं। प्राकृतिक वनस्पति उस स्थान की जलवायु और खासकर वर्षा पर निर्भर करती है। भारत में पाँच प्रकार की प्राकृतिक वनस्पति पाई जाती है: उष्ण कटिबंधीय सदाबहार वन, उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन, कंटीली झाड़ियाँ, पर्वतीय वन और मैंग्रोव वन

उष्ण कटिबंधीय सदाबहार वन: जिन स्थानों पर भारी वर्षा होती है वहाँ सदाबहार वन पाये जाते हैं। सदाबहार वन इतने घने होते हैं कि जमीन पर सूर्य की किरणें नहीं पहुँचती हैं। सदाबहार वन के वृक्ष अपने पत्ते साल के अलग-अलग महीनों में गिराते हैं। इसलिए यह वन हमेशा हराभरा दिखता है। इसलिए इस प्रकार के वन को सदाबहार वन कहते हैं। प्रमुख पेड़: महोगनी, एबोनी और रोजवुड। भारत में सदाबहार वन अंदमान और निकोबार द्विप समूह, पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों और पश्चिमी घाट की पश्चिमी ढ़ाल पर पाया जाता है।



उष्णकटिबंधीय पतझड़ वन: ऐसे वन को मानसून वन भी कहते हैं। पतझड़ वन के वृक्ष अपने पत्तों को साल के नियत समय पर ही गिराते हैं। इसलिए इस वन को पतझड़ वन कहते हैं। प्रमुख पेड़: साल, सागवान, पीपल, नीम और शीशम। भारत में पतझड़ वन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झाड़खंड, छत्तीसगढ़, उड़ीसा और महाराष्ट्र के कुछ भागों में पाया जाता है।

कंटीली झाड़ियाँ: इस प्रकार की वनस्पति शुष्क स्थानों में पाई जाती है। ऐसी वनस्पति की पत्तियाँ कांटों के रूप में होती हैं। इससे जल के ह्रास को कम करने में मदद मिलती है। महत्वपूर्ण पेड़: कैक्टस, खेर, बबूल और कीकड़। भारत में कंटीली झाड़ियाँ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी घाट के पूर्वी ढ़ाल पर और गुजरात में पाई जाती हैं।

पर्वतीय वनस्पति: पर्वतों पर भिन्न भिन्न ऊँचाइयों पर विभिन्न प्रजातियाँ पाई जाती हैं। 1500 से 2500 मीटर की ऊँचाई पर अधिकांश वृक्ष शंकु के आकार के होते हैं। इसलिए इन्हें शंक्वाकार वृक्ष (कोनीफेरस वृक्ष) कहते हैं। महत्वपूर्ण पेड़: चीड़, पाइन और देवदार

मैन्ग्रोव वन: मैन्ग्रोव के पेड़ पौधे खाड़े पानी में भी जिंदा रह सकते हैं। यह पश्चिम बंगाल के सुंदरबन और अंदमान निकोबार द्विप समूह में पाया जाता है। सुंदरबन के मैंग्रोव वन के एक मशहूर पेड़ का नाम है सुंदरी


वन का महत्व

  • पेड़ प्रकाश संश्लेषण के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड लेते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं। इस ऑक्सीजन का इस्तेमाल सभी प्राणि सांस लेने के लिए करते हैं।
  • पेड़ अपनी जड़ों से मिट्टी को पकड़कर रखते हैं। इस तरह से पेड़ मृदा अपरदन की रोकथाम करते हैं।
  • वन से हमें फर्नीचर और ईंधन के लिए लकड़ी मिलती है। वन से चारा, औषध और जड़ी बूटी मिलती है। वन से लाह, शहद और गोंद भी मिलते हैं।
  • वन कई वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास होते हैं।

वन का ह्रास: आदमी ने जंगलों के एक बड़े हिस्से को तबाह कर दिया है। अपनी जरूरतों के लिए हम अंधाधुंध तरीके से पेड़ों को काट रहे हैं। खेती बारी, मानव आवास और कारखाने बनाने के लिए जंगलों को साफ किया जा रहा है। इससे पर्यावरण के लिए संकट पैदा हो रहा है। लोगों में वन के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वन महोत्सव मनाया जाता है।

वन्यजीव

जो जानवर प्राकृतिक वनस्पति के बीच रहते हैं उन्हें वन्यजीव कहते हैं। जंगलों में जंतुओं की हजारों प्रजातियाँ रहती हैं। भारत का राष्ट्रीय पशु बाघ है जो इस देश के विभिन्न भागों में रहता है। गुजरात के गिर वन में एशियाई शेर रहता है। केरल, कर्णाटक और असम में हाथी रहते हैंअसम में एक सींग वाल गैंडा भी रहता हैहिमालय के आसपास जंगली बकरी, हिम चीता, भालू, आदि रहते हैंमोर हमारा राष्ट्रीय पक्षी है। अन्य आम पक्षियों में तोता, कबूतर, मैना, बतख, बुलबुल, हंस, आदि आते हैं।

जंगलों की बड़े पैमाने पर कटाई के कारण कई वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास कम हो गया है। कई जानवर तो लुप्त होने के कगार पर हैं। कई जानवर तो लुप्त हो चुके हैं।

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में दीजिए।

प्रश्न 1: कौन-सी पवन भारत में वर्षा लाती है? यह इतनी महत्वपूर्ण क्यों है?

उत्तर: मानसूनी पवन भारत में वर्षा लाती है। यहाँ की खेती मानसून पर निर्भर करती है। इसलिए फसलों की अच्छी उपज के लिए मानसून महत्वपूर्ण है।

प्रश्न 2: भारत के विभिन्न मौसमों के नाम लिखिए?

उत्तर: भारत के विभिन्न मौसम निम्नलिखित है:

  1. शीत ऋतु
  2. ग्रीष्म ऋतु
  3. वर्षा ऋतु
  4. शरद ऋतु

प्रश्न 3: प्राकृतिक वनस्पति क्या है?

उत्तर: जो पेड़-पौधे, झाड़ियाँ और घास बिना मनुष्य की सहायता से उगते हैं, उसे प्राकृतिक वनस्पति कहते हैं।


प्रश्न 4: भारत में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों के नाम लिखें।

उत्तर: भारत में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार के वनस्पतियों के नाम निम्नलिखित है।

  1. उष्ण कटिबंधीय सदाबहार वन
  2. उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन
  3. कंटीली झाड़ियाँ
  4. पर्वतीय वनस्पति
  5. मैंग्रोव वन

प्रश्न 5: सदाबहार वन और पतझड़ वन में क्या अंतर है?

उत्तर: सदाबहार वन बहुत घने होते हैं। इन वनों के पेड़ के पत्ते साल के अलग-अलग समय में गिरते हैं। वहीं दूसरी तरफ पतझड़ वन कम घने होते हैं। इसके पेड़ के पत्ते साल के एक निश्चित समय में गिरते हैं।

प्रश्न 6: उष्ण कटिबंधीय वर्षा वनों को सदाबहार वन क्यों कहा जाता है?

उत्तर: उष्ण कटिबंधीय वर्षा वनों के पेड़ के पत्ते साल के अलग-अलग समय में गिरते हैं। इस कारण ये हमेशा हरे-भरे दिखते हैं। इसलिए इसे सदाबहार वन कहते हैं।

सही उत्तर चिन्हित कीजिए।

(i) विश्व में सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र कौन-सा है?
(क) मुंबई
(ख) आसनसोल
(ग) मौसिनराम

(ii) मैंग्रोव वन कहाँ हो सकते हैं?
(क) खारे जल में
(ख) साफ जल में
(ग) प्रदूषित जल में

(iii) महोगनी और रोजवुड वृक्ष पाए जाते हैं-
(क) मैंग्रोव वन में
(ख) उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन में
(ग) उष्ण कटिबंधीय सदाबहार वन में

(iv) जंगली बकरी औए हिम तेंदुए कहाँ पाए जाते हैं?
(क) हिमालय क्षेत्र में
(ख) प्रायद्वीपीय क्षेत्र में
(ग) गिर वन में

(v) दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय आर्द्र पवने कहाँ बहती हैं?
(क) स्थल से समुद्र की ओर
(ख) समुद्र से स्थल की ओर
(ग) पठार से मैदान की ओर

उत्तर: (i) (ग) मौसिनराम, (ii) (क) खारे जल में, (iii) (ग) उष्ण कटिबंधीय सदाबहार वन में, (iv) (ग) हिमालय क्षेत्र में, (v) (ख) समुद्र से स्थल की ओर


खाली स्थान भरें

  1. गर्मी में दिन के समय गर्म और शुष्क पवने चलती है, जिसे --------- कहा जाता है।
  2. आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में --------- के मौसम में बहुत अधिक मात्रा में वर्षा होती है।
  3. गुजरात के --------- वन में --------- का निवास है।
  4. --------- मैंग्रोव वन की प्रजाति है।
  5. --------- को मानसून वन भी कहा जाता है।

उत्तर: (1) लू, (2) शरद, (3) गिर, एशियाई शेर, (4) सुंदरी, (5) उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन

Extra Questions Answers

प्रश्न 1: मौसम किसे कहते हैं?

उत्तर: दिन-प्रतिदिन वायुमंडल में होने वाले परिवर्तन को मौसम कहते हैं। इसमें तापमान, वर्षा और सूर्य की किरणें भी शामिल है।

प्रश्न 2: जलवायु किसे कहते हैं?

उत्तर: किसी स्थान पर लगातार कई वर्षों तक मापी गई मौसम की औसत दशा को जलवायु कहा जाता है। किसी स्थान की जलवायु वहाँ की स्थिति, ऊँचाई, समुद्र से दूरी तथा उच्चावच पर निर्भर करती है।

प्रश्न 3: भारत में उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन कहाँ- कहाँ पाए जाते हैं?

उत्तर: भारत में उष्ण कटिबंधीय पतझड़ वन मध्यप्रदेश, उत्तप्रदेश, बिहार, झाड़खंड, छ्तीसगढ, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सो में पाया जाता है।

प्रश्न 4: वन हमारे लिए किस तरह उपयोगी है?

उत्तर: पेड़-पौधे कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं। जिसे हम साँस के रूप लेते हैं।
पेड़-पौधों की जड़ें मिट्टी को बाँधे रखती है। जिससे मिट्टी के अपरदन रूकते हैं।
वनों से हमें घरेलू इस्तेमाल के लिए और ईंधन के लिए लकड़ी मिल जाते हैं। साथ ही पशुओं के लिए चारे, जड़ी-बूटियाँ, शहद, गोंद, लाख, कत्था आदि मिल जाते हैं
इस तरह वन हमारे लिए बहुत उपयोगी है।

प्रश्न 5: हमलोग वन्य जीव सप्ताह कब मनाते हैं।

उत्तर: वन्य जीवों की सुरक्षा के लिये प्रत्येक व्यक्ति को आगे लाने के लिए भारतीय वन्य जीव बोर्ड ने वन्यजीव सप्ताह मनाने का निर्णय लिया और तब से यह 2 से 8 अक्टूबर तक प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है


0 comments:

Post a Comment

THIS POST RELATED HELP 👇👇👇👇👇👇👇