Recent Posts

Flipkart online shopping

Flipkart online shopping
Flipkart

पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल /Geography class 06 ✍️ AGT

Chepter 05



पृथ्वी की सतह को तीन मुख्य भागों में बाँटा जा सकता है: भूमंडल, वायुमंडल और जलमंडल।

भूमंडल: पृथ्वी की सतह के ठोस भाग को भूमंडल कहते हैं। यह भूपर्पटी के शैलों से बना हुआ है। इसके ऊपर मिट्टी की एक पतली परत है। मिट्टी में खनिज पोषक होते हैं जो विभिन्न जीवों का पालन करते हैं।

वायुमंडल: पृथ्वी के चारों ओर मौजूद हवा की मोटी परत को वायुमंडल कहते हैं। वायुमंडल की मोटाई लगभग 1600 किमी है। वायुमंडल विभिन्न गैसों से बना है।

जलमंडल: यह जल से बना हुआ है। पृथ्वी पर जल तीनों अवस्थाओं (ठोस, द्रव और गैस) में मौजूद है। पृथ्वी की सतह का लगभग दो तिहाई हिस्सा जल से ढ़का हुआ है।


भूमंडल

पृथ्वी की सतह को दो मुख्य भागों में बाँटा जा सकता है: महाद्वीप और महासागरीय बेसिन। बड़े स्थलीय भूभागों को महाद्वीप कहते हैं। विशाल जलाशयों को महासागरीय बेसिन कहते हैं।

दुनिया के सभी महासागर एक दूसरे से आपस में जुड़े हुए हैं। इसलिए हर जगह समुद्र का स्तर एक समान रहता है। समुद्र तल से जमीन की ऊँचाई मापी जाती है, और समुद्र तल के स्तर को जीरो माना जाता है।

पृथ्वी पर सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट है जो समुद्र तल से 8,848 मी की ऊँचाई पर है। दूसरी तरफ, पृथ्वी पर सबसे गहरी जग मैरियाना ट्रेंच (प्रशांत महासागर में) है जिसकी गहराई समुद्र तल से 11,022 मी है।

Continents on Map of Earth

महाद्वीप

दुनिया में सात महाद्वीप हैं जो जलाशयों के कारण एक दूसरे से अलग हैं। सात महाद्वीपों के नाम हैं: एशिया, यूरोप, अफ्रिका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका। भूभाग का अधिकांश हिस्सा उत्तरी गोलार्ध में स्थित है।

एशिया

यह सबसे बड़ा महाद्वीप है। पृथ्वी के भूभाग का लगभग एक तिहाई हिस्सा एशिया महाद्वीप में आता है। यह महाद्वीप पूर्वी गोलार्ध में स्थित है। एशिया से होकर कर्क रेखा गुजरती है। पश्चिम में यूराल पर्वत एशिया और यूरोप को अलग करता है। एशिया और यूरोप को सम्मिलित रूप से यूरेशिया कहा जाता है।

यूरोप

एशिया की तुलना में यूरोप बहुत छोटा है और एशिया के पश्चिम में स्थित है। यह तीन तरफ से जलाशयों से घिरा है। यूरोप से होकर आर्कटिक वृत्त गुजरता है।

अफ्रिका

यह दूसरा सबसे बड़ा महाद्वीप है। अफ्रिका का अधिकांश हिस्सा उत्तरी गोलार्ध में स्थित है। यह इकलौता महाद्वीप है जिससे होकर तीन मुख्य समांतर रेखाएँ गुजरती हैं। अफ्रिका से होकर विषुवत रेखा, कर्क रेखा और मकर रेखा तीनों गुजरती हैं। विषुवत रेखा अफ्रिका के लगभग बीचोबीच से गुजरती है। दुनिया का सबसे बड़ा गर्म मरुस्थल (सहारा मरुस्थल) अफ्रिका महाद्वीप में है। दुनिया की सबसे लंबी नदी (नील) अफ्रिका में है। यह महाद्वीप चारों ओर से जलाशयों से घिरा है।


उत्तरी अमेरिका

यह तीसरा सबसे बड़ा महाद्वीप है। उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका आपस में पनामा स्थलसंधि द्वारा जुड़े हुए हैं।

स्थलसंधि: स्थल का एक संकरा भाग जो दो बड़े स्थलीय भागों को एक दूसरे से जोड़ता है।

उत्तरी अमेरिका उत्तरी गोलार्ध और पश्चिमी गोलार्ध में स्थित है। यह महाद्वीप तीन महासागरों से घिरा है: अटलांटिक महासागर, प्रशांत महासागर और आर्कटिक महासागर।

दक्षिणी अमेरिका

दक्षिणी अमेरिका का अधिकांश हिस्सा दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है। यह महाद्वीप दो महासागरों से घिरा है: अटलांटिक और प्रशांत महासागर। एंडीज; जो दुनिया की सबसे लंबी पर्वतमाला है; दक्षिण अमेरिका में है। दुनिया की सबसे विशाल नदी (अमेजॉन) भी इसी महाद्वीप में है।

ऑस्ट्रेलिया

यह सबसे छोटा महाद्वीप है। यह पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है। चारों ओर से समुद्र से घिरा होने के कारण ऑस्ट्रेलिया को द्वीपीय महाद्वीप भी कहते हैं।

अंटार्कटिका

यह एक विशाल महाद्वीप है जो दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में स्थित है। दक्षिणी ध्रुव इस महाद्वीप के केंद्र में स्थित है। इस महाद्वीप में मनुष्य का स्थाई निवास नहीं है। कई देशों ने यहाँ शोध केंद्र खोल रखे हैं। भारत के शोध केंद्रों के नाम हैं: मैत्री और गंगोत्री

जलमंडल

पृथ्वी की सतह का 71% से अधिक हिस्सा पानी से ढ़का हुआ है। लेकिन पृथ्वी पर उपलब्ध पानी का 97% भाग खारे पानी के रूप में सागरों और महासागरों में है। खारा पानी मनुष्य के उपभोग के लिये ठीक नहीं है। बचे हुए 3% पानी में से अधिकांश भाग बर्फ के रूप में ग्लेशियर और आइसबर्ग में है। इसके बाद पृथ्वी पर उपलब्ध पूरे पानी का 1% से भी कम हिस्सा मनुष्य के उपभोग के लिये बचता है। इसलिए ‘नीले ग्रह’ पर रहने के बावजूद हमें पानी की कमी की समस्या से जूझना पड़ता है।

महासागर

सभी महासागर आपस में जुड़े हुए हैं और महासागरों का जल हमेशा गति में रहता है। महासागर के जल की तीन मुख्य गतियाँ हैं: तरंग, ज्वार-भाटा और महासागरीय जलधारा। दुनिया में पाँच मुख्य महासागर है: प्रशांत, अटलांटिक, हिंद, आर्कटिक और अंटार्कटिका महासागर


प्रशांत महासागर

यह दुनिया का सबसे बड़ा महासागर है। यह लगभग वृत्ताकार है। एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका मिलकर प्रशांत महासागर को चारों ओर से घेरे हुए हैं। दुनिया का सबसे गहरा स्थान (मैरियाना ट्रेंच) इसी महासागर में है।

अटलांटिक महासागर

यह दूसरा सबसे बड़ा महासागर है। इसका आकार अंग्रेजी S अक्षर की तरह है। इस महासागर के पश्चिम में उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका हैं, तथा पूर्व में यूरोप और अफ्रिका हैं। अटलांटिक महासागर की तटरेखा अत्यंत दंतुरित है। दंतुरित तटरेखा होने के कारण इस महासागर के तटों पर कई प्राकृतिक पोताश्रय और पत्तन हैं। इसलिये व्यावसायिक दृष्टिकोण से यह सबसे व्यस्त महासागर है।

हिंद महासागर

हिंद महासागर इकलौता महासागर है जिसका नाम किसी देश के नाम पर पड़ा है। यह महासागर त्रिभुज के आकार का है। इस महासागर के पश्चिम में अफ्रिका, उत्तर में एशिया और पूर्व में ऑस्ट्रेलिया है।

दक्षिणी महासागर/अंटार्कटिक महासागर

दक्षिणध्रुवीय महासागर, जिसे दक्षिणी महासागर या अंटार्कटिक महासागर भी कहा जाता है, विश्व के सबसे दक्षिण में स्थित एक महासागर है। इसका विस्तार 60° दक्षिण अक्षांश से दक्षिण में है और यह संपूर्ण अंटार्कटिका महाद्वीप को घेरे हुये है (उत्तर दिशा से)। यह पाँच विशाल महासागरों मे से चौथा सबसे बड़ा महासागर है। 

आर्कटिक महासागर

यह महासागर आर्कटिक वृत्त के अंदर स्थित है और उत्तरी ध्रुव के चारों ओर है। यह उत्तरी अमेरिका और यूरेशिया के उत्तरी तटों तक फैला है। आर्कटिक महासागर और प्रशांत महासागर के बीच संधि का काम करने वाला एक छिछले जल वाला संकरा मार्ग है जिसे बेरिंग जलसंधि के नाम से जाना जाता है।

वायुमंडल

पृथ्वी के पर्यावरण में वायुमंडल की अहम भूमिका होती है। वायुमंडल हवा से बना है जो कई गैसों, जलवाष्प और धूलकणों से मिलकर बनी है।

हवा का संघटन: हवा मुख्य रूप से नाइट्रोजन और ऑक्सीजन से बनी हुई है। हवा में 78% नाइट्रोजन, 21% ऑक्सीजन है। शेष 1% हिस्सा कार्बन डाइऑक्साइड आर्गन और कई अन्य गैसों से बना है।

नाइट्रोजन की भूमिका: पौधों के लिये नाइट्रोजन बहुत महत्वपूर्न है क्योंकि पौधों को कई अणु बनाने के लिए नाइट्रोजन की जरूरत होती है। चूँकि हमें पौधों से ही भोजन मिलता है इसलिए नाइट्रोजन हमारे लिए और अन्य जंतुओं के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

ऑक्सीजन की भूमिका: सजीवों को श्वसन के लिए ऑक्सीजन की जरूरत होती है। इसके अलावा, किसी भी चीज का दहन करने के लिए ऑक्सीजन अनिवार्य है।

कार्बन डाइऑकसाइड की भूमिका: पौधे कार्बन डाइऑक्साइड का उपयोग प्रकाश संश्लेषण के लिए करते हैं। आपको पता होगा कि प्रकाश संश्लेषण की क्रिया द्वारा पौधे भोजन बनाते हैं। कार्बन डाइऑक्साइड सूर्य की उष्मा को पकड़ कर रखता है और इस उष्मा को हमारे वायुमंडल से बाहर नहीं जाने देता है। इस तरह से कार्बन डाइऑक्साइड पृथ्वी पर समुचित तापमान बनाये रखने में मदद करता है।

वायुमंडल की परतें: वायुमंडल को कई परतों में विभाजित किया जा सकता है। नीचे से ऊपर की ओर इन परतों के नाम हैं: क्षोभमंडल (ट्रॉपोस्फेयर), समतापमंडल (स्ट्रैटोस्फेयर), मध्यमंडल (मेसोस्फेयर), आयनमंडल (आयोनोस्फेयर) तथा बहिर्मंडल (एक्सोस्फेयर)।

ऊँचाई बदलने के साथ वायुमंडल का घनत्व भी बदलता है। समुद्रतल पर हवा का घनत्व सबसे अधिक होता है और जैसे जैसे हम ऊपर जाते हैं हवा का घनत्व घटता जाता है। सामान्य दाब में हम आसानी से सांस लेते हैं। लेकिन जब हवा का दबाव कम हो जाता है तो हमें सांस लेने में कठिनाई होती है। ऊँचे पहाड़ों पर हवा का दबाव बहुत कम रहता है। इसलिए पर्वतारोहियों को अपने साथ ऑक्सीजन के सिलिंडर ले जाने पड़ते हैं ताकि वे आसानी से सांस ले सकें।

हवा की गति में दबाव की अहम भूमिका होती है। हवा हमेशा उच्च दाब से निम्न दाब की ओर गति करती है। गतिशील हवा को पवन कहते हैं।


जीवमंडल

भूमंडल, जलमंडल और वायुमंडल के बीच के सीमित भाग (जहाँ जीवन मौजूद है) को जीवमंडल कहते हैं। इस पृथ्वी पर नाना प्रकार के जीव पाये जाते हैं। सभी जीव अपनी उत्तरजीविता के लिए एक दूसरे पर निर्भर रहते हैं। ये अपनी उत्तरजीविता के लिए कई अजीव वस्तुओं पर भी निर्भर रहते हैं।

जीवमंडल के जीवों को मोटे तौर पर दो समूहों में बाँटा जा सकता है: पादप किंगडम और जंतु किंगड। पृथ्वी के तीनों मंडल एक दूसरे के साथ क्रिया करते रहते हैं। ये किसी न किसी तरह से एक दूसरे को प्रभावित भी करते हैं।

पर्यावरण की सुरक्षा

हमें अपने पर्यावरण की अच्छी देखभाल करनी चाहिए, अन्यथा हमारे ग्रह पर जीवन खतरे में पड़ जायेगा। उदाहरण के लिए यदि मानव गतिविधियों की सुविधा के लिए बड़े पैमाने पर जंगल साफ कर देंगे तो इससे मृदा अपरदन होगा। हम जानते हैं कृषि और पादपों की वृद्धि के लिए मृदा कितनी महत्वपूर्ण है। इससे यह स्पष्ट है कि मृदा अपरदन से दूरगामी नुकसान हो सकते हैं। हम अत्यधिक कचरा उत्पन्न करते हैं जो पर्यावरण को प्रदूषित करता है।

पृथ्वी पर समुचित तापमान बनाये रखने के लिए कार्बन डाइऑक्साइड अनिवार्य है। लेकिन अगर कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा एक नियत सीमा से अधिक हो जायेगी तो पूरी दुनिया में तापमान बढ़ जायेगा। इसे ग्लोबल वार्मिंग का नाम दिया गया है। वाहनों और कारखानों में जीवाश्म ईंधन के जलने से वायुमंडल में कार्बन डाइऑकसाइड का स्तर बढ़ जाता है। इसलिए ईंधन का इस्तेमाल करते वक्त हमें सचेत होने की जरूरत है।

पर्यावरण की सुरक्षा के लिए यह भी जरूरी है कि हम अपने संसाधनों का इस्तेमाल सही तरीके से करें।


निम्नलिखत प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में दीजिए।

प्रश्न 1: पृथ्वी के चार प्रमुख परिमंडल कौन-कौन से हैं?

उत्तर: पृथ्वी के चार प्रमुख परिमंडल भूमंडल, वायुमंडल, जलमंडल और जीवमंडल हैं।

प्रश्न 2: पृथ्वी के प्रमुख महाद्वीपों के नाम लिखो।

उत्तर: एशिया, यूरोप, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, आस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका

प्रश्न 3: दो महाद्वीपों के नाम लिखिए, जो पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है।

उत्तर: आस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका दोनो महाद्वीप पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है।

प्रश्न 4: वायुमंडल के विभिन्न परतों के नाम लिखो।

उत्तर: वायुमंडल के विभिन्न परत क्षोभमंडल, समतापमंडल, मध्यमंडल,मध्यमंडल, आयनमंडल और बहिर्मंडल हैं।

प्रश्न 5: पृथ्वी को नीला ग्रह क्यों कहा जाता है?

उत्तर: पृथ्वी का 71% हिस्सा जल से ढका है। इसी कारण जब इसे अंतरिक्ष से देखा जाता है तो यह नीले रंग की दिखती है। इसलिए पृथ्वीको नीला ग्रह कहा जाता है।

प्रश्न 6: उत्तरी गोलार्ध को स्थलीय गोलार्ध क्यों कहा जाता है?

उत्तर: पृथ्वी पर स्थल का अधिकांश हिस्सा उत्तरी गोलार्ध में स्थित है। इसलिए इसे स्थलीय गोलार्ध कहा जाता है।

प्रश्न 7: जीवित प्राणियों के लिए जीवमंडल क्यों महत्वपूर्ण है?

उत्तर: जीवमंडल स्थलमंडल, जलमंडल और वायुमंडल के बीच का एक सीमित क्षेत्र है। पृथ्वी के ये तीनों परिमंडल आपस में पारस्परिक क्रिया करतें हैं तथा एक दूसरे को किसी न किसी रूप में प्रभावित करते हैं। इन तीनों मंडलों के पारस्परिक क्रिया के कारण जीवमंडल पर जीवन सम्भव है। यहाँ स्थल, जल और हवा एक साथ मिलते हैं। इस तरह जीवित प्राणियों के लिए जीवमंडल महत्वपूर्ण है।


सही उत्तर चिन्हित कीजिए।

(i) कौन सी पर्वत श्रृंखला यूरोप और एशिया को अलग करती है?
(क) एंडीज
(ख) हिमालय
(ग) यूराल

(ii) उत्तर अमेरिका, दक्षिण अमेरिका से कैसे जुड़ा है?
(क) स्थलसंधि
(ख) जलसंधि
(ग) नहर

(iii) वायुमंडल में किस गैस का प्रतिशत सर्वाधिक है?
(क) नाइट्रोजन
(ख) आक्सीजन
(ग) कार्बन-डाइआक्साइड

(iv) पृथ्वी का कौन सा भाग ठोस चट्टानों का बना है?
(क) वायुमंडल
(ख) जलमंडल
(ग) स्थलमंडल

(v) सबसे बड़ा महाद्वीप कौन सा है?
(क) अफ्रीका
(ख) एशिया
(ग) आस्ट्रेलिया

उत्तर: (i) (ग) यूराल, (ii) (क) स्थलसंधि, (iii) (क) नाइट्रोजन, (iv) (ग) स्थलमंडल, (v) (ख) एशिया

खाली स्थान भरे

(i) पृथ्वी का सबसे गहरा भाग ---------- प्रशांत महासागर में स्थित है।
(ii) --------- महासागर का नाम एक देश के नाम पर रखा गया है।
(iii) ---------- स्थल, जल और हवा का एक निश्चित भाग है, जो जीवन के लिए सहायक है।
(iv) यूरोप और एशिया महाद्वीप को एक साथ --------- कहा जाता है।
(v) पृथ्वी का सबसे ऊँचा पर्वत शिखर -------- है।

उत्तर: (i) मेरियाना गर्त, (ii) हिंद महासागर, (iii) जीवमंडल, (iv) यूरेशिया, (v) हिमालय


Extra Questions Answers

प्रश्न 1: महाद्वीप किसे कहते हैं?

उत्तर: पृथ्वी के स्थलीय बड़े भूभाग को महाद्वीप कहते हैं।

प्रश्न 2: सबसे छोटा महाद्वीप कौन है?

उत्तर: आस्ट्रेलिया

प्रश्न 3: उन महाद्वीपों के नाम लिखो, जिससे होकर कर्क, मकर और विषुवत तीनों रेखाएँ गुजरती है।

उत्तर: अफ्रीका

प्रश्न 4: विश्व का सबसे बड़ा रेगिस्तान कौन और कहाँ है?

उत्तर: विश्व का सबसे बड़ा रेगिस्तान सहारा है, जो अफ्रीका में है।

प्रश्न 5: विश्व की सबसे लंबी नदी कौन और कहाँ है?

उत्तर: विश्व का सबसे लंबी नदी नील नदी है, जो अफ्रीका में है।

प्रश्न 6: उत्तर अमेरिका और दक्षिण अमेरिका को जोड़ने वाली स्थल संधि को क्या कहते हैं?

उत्तर: पनामा स्थल संधि

प्रश्न 7: विश्व की सबसे लंबी पर्वत श्रृंखला कौन और कहाँ है?

उत्तर: विश्व का सबसे लंबी पर्वत श्रृंखला एंडीज है, जो दक्षिण अमेरिका में उत्तर से दक्षिण की ओर फैली है।

प्रश्न 8: विश्व की सबसे बड़ी नदी कौन है?

उत्तर: अमेज़न नदी

प्रश्न 9: द्विपीय महाद्वीप किसे कहा जाता और क्यों कहा जाता है?

उत्तर: आस्ट्रेलिया को द्विपीय महाद्वीप कहा जाता है। यह चारों तरफ से महासागरों और समुद्रों से घिरा है। इसलिए इसे द्विपीय महाद्वीप कहा जाता है।

प्रश्न 10: सबसे बड़ा महासागर कौन है?

उत्तर: प्रशांत महासागर

प्रश्न 11: अटलांटिक महासागर के बारे में संक्षेप में बताएँ।

उत्तर: अटलांटिक महासागर का आकार अंग्रेजी के S अक्ष र के समान है। इसकी तट रेखाएँ बहुत अधिक दंतुरित है। जिसकी वजह से प्राकृतिक पोताश्रयो और पत्तनों के लिए यहाँ आदर्श स्थिति है। व्यापार की दृष्टि से यह सबसे व्यस्त महासागर है।

प्रश्न 12: पृथ्वी द्वारा छोड़ी गई उष्मा कौन सी गैस अवशोषित करती है?

उत्तर: पृथ्वी द्वारा छोड़ी गई उष्मा कार्बन डाइआक्साइड गैस अवशोषित करती है, जिससे पृथ्वी गर्म रहती है।


0 comments:

Post a Comment

THIS POST RELATED HELP 👇👇👇👇👇👇👇